छत्तीसगढ़:- मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि गुरु नानक देव जी ने संपूर्ण मानवता को प्रेम, करुणा, समानता, परिश्रम और सेवा का मार्ग दिखाया। उनका संदेश किसी एक समाज या समुदाय तक सीमित नहीं, बल्कि समूची मानवता के कल्याण का संदेश है। श्सरबत दा भलाश् की भावना हमें सभी के सुख, समृद्धि और कल्याण के लिए कार्य करने की प्रेरणा देती है।
मुख्यमंत्री ने सिख समाज की सेवा भावना, परिश्रम और परोपकार की परंपरा की सराहना करते हुए कहा कि गुरुद्वारों में संचालित लंगर सेवा सामाजिक समानता और मानवीय एकता का अनुपम उदाहरण है। यहां जाति, धर्म, ऊंच-नीच और आर्थिक स्थिति का कोई भेद नहीं होता। सभी लोग एक पंगत में बैठकर भोजन करते हैं। यही गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं का वास्तविक स्वरूप है, जो समाज को जोड़ने और आपसी भाईचारे को मजबूत करने की प्रेरणा देता है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि हमारी सरकार भी सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास की भावना के अनुरूप समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। विकास का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे और प्रदेश में शांति, सद्भाव तथा समृद्धि का वातावरण बना रहे, यही हमारा संकल्प है।
’गढ़फुलझर की ऐतिहासिक विरासत को मिलेगी नई पहचान’
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बसना विधायक श्री संपत अग्रवाल ने कहा कि गढ़फुलझर का ऐतिहासिक और आध्यात्मिक महत्व अत्यंत गौरवशाली है। छत्तीसगढ़ की धरती जहां भगवान श्रीराम के ननिहाल के रूप में विख्यात है, वहीं गुरु नानक देव जी की पावन स्मृतियों से जुड़ा गढ़फुलझर भी प्रदेश की समृद्ध धार्मिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है।
उन्होंने कहा कि लगभग 500 वर्ष पूर्व गुरु नानक देव जी के यहां आगमन और प्रवास की स्मृतियां इस स्थल को विशेष महत्व प्रदान करती हैं। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय द्वारा की गई घोषणाओं से नानकसागर एवं गढ़फुलझर के विकास को नई गति मिलेगी। इससे धार्मिक पर्यटन को प्रोत्साहन मिलने के साथ इस ऐतिहासिक स्थल की पहचान प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर और व्यापक होगी।
इस अवसर पर जत्थेदार बाबा साहिब सिंह, राज्य आयुक्त श्री इंद्रजीत सिंह खालसा, क्रेडा अध्यक्ष श्री भूपेंद्र सिंह सवन्नी, छत्तीसगढ़ राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष श्री अमरजीत सिंह छाबड़ा सहित सिख समाज एवं विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधिगण तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।






